राजातालाब में आवारा कुत्तों का आतंक, बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
राजातालाब। क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है। आए दिन कुत्तों द्वारा अचानक हमला किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रास्तों पर घूम रहे आवारा कुत्तों के कारण बच्चों को स्कूल भेजना भी मुश्किल हो रहा है। कई स्थानों पर कुत्तों के झुंड दिखाई देने से राहगीरों और बच्चों में भय बना हुआ है मामले को गंभीरता से लेते हुए आशीष मोदनवाल पत्रकार एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और आवारा कुत्तों के कारण कोई गंभीर घटना होती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के लिए उच्च अधिकारियों से शिकायत कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जाएगी। क्षेत्रवासियों ने भी प्रशासन से मांग की है कि समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित माहौल में स्कूल आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।





