*वाराणसी -*जनपद के मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस एवं कृषक उत्पादक संगठक के जिला स्तरीय मानीटीरिंग समिति/जनपद स्तरीय परियोजना प्रबन्धक इकाई की बैठक का आयोजन किया गया।
किसान दिवस में उपस्थित किसानों को जानकारी देते हुए उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने बताया कि रबी मौसम में मिलने वालें गेहॅू,सरसों, तोरिया, चना,मटर के बीज मिनीकिट एवं सामान्य बीजों की आनलाईन बुकिंग प्रारम्भ हो गयी है ऐसे में किसान रबी मौसम हेतु अधिक से अधिक बीजों की बुकिंग करा लें, जिससे रबी मौसम में समय से फसलों की बुवाई की जा सके।
*कृषि यंत्रों के लिए ई-लाटरी 21 अगस्त को-*
उप कृषि निदेशक ने बताया कि जिन कृषकों द्वारा दिनांक 16 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक दस हजार से अधिक अनुदान वाले कृषि यंत्रों की विकास खण्डवार लक्ष्य से अधिक हुई बुकिंग मे लाभार्थी कृषकों के चयन हेतु ई-लाटरी आगामी 21अगस्त को विकास भवन सभागार में अपरान्ह दो बजे जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के सदस्यों एवं सम्बन्धित किसानों के समक्ष की जायेगी।
*31 से पहले करायें फसल बीमा,उठाएं लाभ*
खरीफ सीजन-2026 के अन्तर्गत ऋणी कृषकों के लिए फसल बीमा की अन्तिम तिथि 31 अगस्त 2026 एवं ऋणी कृषकों के लिए 14 अगस्त निर्धारित की गयी है अंतिम तिथि से पहले किसान खरीफ फसलों का बीमा करा कर लाभ उठा सकते है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि फिलहाल यह योजना सभी कृषकों के लिए स्वैच्छिक आधार पर लागू की गयी है। ऐसे में जो ऋणी कृषक योजना में प्रतिभाग नही करना चाहते है, उन्हें बीमा कराने की अंतिम तिथि 31अगस्त से 7 दिन पूर्व यानि 24 अगस्त तक हर हाल में अपनी बैंक शाखा को लिखित रूप में अवगत कराना होगा अन्यथा की स्थिति में बैंक द्वारा पात्र कृषक के खाते से प्रीमियम की कटौती करते हुए उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर ऋणी कृषक की फसल को स्वतः ही बीमित कर दिया जायेगा।
किसान खरीफ सीजन
हेतु अधिसूचित फसल-धान, मक्का, बाजरा, ज्वार, उर्द, अरहर एवं मिर्च फसल का बीमा करा सकते है। योजना के अन्तर्गत प्रतिकूल मौसमी स्थितियों से अधिसूचित फसलों को क्षति होने की स्थिति में बीमित कृषकों को बीमा कवर/क्षतिपूर्ति प्रदान किया जाता है। योजना संबंधी जानकारी और क्षति की सूचना देने के लिए टोल फ्री नम्बर 14447 जारी किया गया है।
*जनपद में उर्वरकों की कोई कमी नहीं*-
जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने किसानों को बताया कि जनपद में सभी उर्वरक बिक्री केन्द्रो पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक की आपूर्ति की गयी है, कही भी किसी भी प्रकार की उर्वरक की कमी नही है । इसी प्रकार जिला उद्यान अधिकारी सुभाष ने उद्यान विभाग में चल रही विभिन्न योजनाओं व मिलने बारे अनुदान पर जानकारी दी।उर्वरकों की कालाबाजारी अथवा उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों की टैगिंग की सूचना मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
*पशुओं के लिए नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध है-*
पशुपालन विभाग ने बताया कि बीमार पशुओं के लिए एम्बुलेंस सेवा नि:शुल्क उपलब्ध है जिसका टोल फ्री नं 1962 है जिस पर सुबह 9 बजे से शाम 6ः00 बजे तक सूचना देकर कृषक अपने बीमार पशुओं का निःशुल्क उपचार करा सकते है।
*किसान बोले-नहरों में पानी नहीं तो कैसे करें खेती?*
किसानों की ओर से नहर में पानी न होने की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) द्वारा नहरों के कटान से सम्बन्धित सूचना सम्बन्धित विभाग से माॅगी गयी । सम्बन्धित विभाग से कोई सूचना स्पष्ट न होने के कारण उप कृषि निदेशक को निर्देशित किया गया कि कृषि विभाग की तरफ से क्षेत्रीय कर्मचारियों द्वारा नहरों की कटान कहाॅ-कहाॅ की गयी है, की सूचना तत्काल उपलब्ध कराया जाय जिससे नहरो में पानी टेल तक पहुॅचाया जा सके।
*इनकी रही उपस्थिति -*
उक्त किसान दिवस में कृषि विभाग के साथ-साथ पशुपालन विभाग, नलकूप विभाग, नलकूप खण्ड चन्दौली, लधु सिंचाई विभाग, दुग्धशाला विकास, उद्यान विभाग, गन्ना विभाग, यूपीनेडा, अग्रणी जिला बैंक प्रबन्धक, डी0डी0 नाबार्ड, विद्युत विभाग, मत्स्य विभाग, वन विभाग, फसल बीमा के प्रतिनिधि, समस्त विकास खण्डों के एफपीओ0प्रतिनिधि
सहायक निदेशक, मृदा परीक्षण/कल्चर एवं जनपद के समस्त विकास खण्डों से आये प्रगतिशील किसानों ने प्रतिभाग किया गया।





