चंदौली में दरिंदगी: मासूम बच्ची को ऑटो में ले जाकर किया दुष्कर्म, 24 घंटे के अंदर दरिंदा गिरफ्तार
चंदौली। जनपद के चकिया थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली नाबालिग मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। चकिया पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को दबोच लिया।
खिलाने के बहाने ले गया, ऑटो में की हैवानियत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कस्बे के शमशेर नगर (वार्ड नं. 3) का रहने वाला मोहन प्रजापति बच्ची को खिलाने के बहाने घर से बाहर ले गया। आरोपी बच्ची को ऑटो (संख्या UP67BT6703) में बैठाकर मोहम्मदाबाद की ओर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी बच्ची को उसके घर के पास छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे में सलाखों के पीछे
परिजनों की तहरीर मिलते ही चकिया पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 217/2026, धारा 65(2) BNS एवं 5m/6 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए आरोपी मोहन प्रजापति (पुत्र छेदी) को इंटर कॉलेज के पीछे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
अर्जुन सिंह (थानाध्यक्ष, थाना चकिया)
सुनील कुमार (उप निरीक्षक)
अतुल कुमार (आरक्षी)







