Thursday, October 22, 2026

देश धर्म का नाता है, गंगा हमारी माता है’: चंदौली में गंगा और डॉल्फिन संरक्षण के लिए सड़कों पर उतरे सैकड़ों युवा

चंदौली में ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत गंगा स्वच्छता पदयात्रा का आयोजन, 600 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया भाग

​चंदौली। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत जिला गंगा समिति चंदौली द्वारा शनिवार को भव्य ‘गंगा स्वच्छता जागरूकता पदयात्रा’ निकाली गई। पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य मां गंगा की निर्मलता, पर्यावरण संवर्धन और जलीय जीव (डॉल्फिन) का संरक्षण करना रहा।

​कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं प्रभागीय वनाधिकारी (काशी वन्यजीव प्रभाग, रामनगर) बी. शिव शंकर के दिशा-निर्देशन में जिला परियोजना अधिकारी दर्शन निषाद के नेतृत्व में हुआ। पदयात्रा को मुख्य अतिथि विधायक रमेश जायसवाल के प्रतिनिधि संजय पासवान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संत प्रमुख छेदी स्वामी ने की, वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ सदस्य प्रभु प्रजापति की गरिमामयी उपस्थिति रही।

​3 किलोमीटर की पदयात्रा में गूंजे ‘हर-हर गंगे’ के जयकारे

यह पदयात्रा रतनपुर से शुरू होकर भोजपुर और कटेसर होते हुए लगभग 3 किलोमीटर की दूरी तय कर पुरानी डोमरी गंगा घाट पहुंची। इसमें सुशीला देवी बालिका विद्यापीठ (रतनपुर, ब्लॉक नियामताबाद) के 600 से अधिक छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हाथों में पर्यावरण व स्वच्छता संदेश की तख्तियां लिए बच्चे “हर-हर गंगे, नमामि गंगे” और “देश धर्म का नाता है, गंगा हमारी माता है” जैसे नारों से क्षेत्र को गुंजायमान करते रहे।

​पर्यावरण संरक्षण जन-जन का दायित्व: संजय पासवान

सभा को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि संजय पासवान ने कहा कि पर्यावरण व गंगा संरक्षण केवल सरकारी विभागों या अधिकारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। गंगा किनारे स्थित देवालयों और शिवालयों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष रूप से स्वच्छता के प्रति संवेदनशील आचरण अपनाना होगा। जनभागीदारी से ही ‘नमामि गंगे’ का संकल्प पूरी तरह साकार होगा।

​धार्मिक आस्था और पर्यावरण का संगम

संत प्रमुख छेदी स्वामी ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी धार्मिक व सांस्कृतिक आस्था की प्रतीक हैं, इसलिए पूरे सम्मान के साथ इन्हें स्वच्छ रखना हम सबका धर्म है। वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ सदस्य प्रभु प्रजापति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए युवाओं की भागीदारी को सराहा।

​उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित, दिलाई गई शपथ

कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और मेधावी छात्र-छात्राओं को विधायक प्रतिनिधि द्वारा प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अंत में जिला परियोजना अधिकारी दर्शन निषाद ने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण व जलीय जीवों के संरक्षण की शपथ दिलाई।

escort bayan sakarya escort bayan eskişehir