वृहद विधिक सहायता शिविर में कृषि विभाग ने किसानों को किया लाभान्वित, ट्रैक्टर की चाबी देकर किया सम्मान
वाराणसी।उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वाराणसी के तत्वावधान में स्वतंत्रता भवन सभागार, बीएचयू, वाराणसी में आयोजित वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में कृषि विभाग, वाराणसी द्वारा किसानों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम में माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय के कर-कमलों द्वारा कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के लाभार्थियों को ट्रैक्टर की प्रतीकात्मक चाबी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा विभिन्न कृषि योजनाओं के लाभार्थी किसानों को भी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिविर के अंतर्गत किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मिनी किट वितरण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं कृषक हितैषी योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया गया। साथ ही कृषि विभाग द्वारा विविध सेवा शिविर आयोजित कर किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को शासन की कृषि संबंधी योजनाओं से जोड़ना, आधुनिक कृषि यंत्रों की उपलब्धता को प्रोत्साहित करना तथा कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना रहा।


