संवाददाता आशीष मोदनवाल पत्रकार
तबादला सूची जारी होने के बाद भी थानों में जमे हैं कई सिपाही, छह-सात साल से एक ही जगह तैनाती पर उठ रहे सवाल
वाराणसी। पुलिस विभाग में निरीक्षकों और जिला स्तर पर उप निरीक्षकों के तबादले की तैयारी के बीच लंबे समय से एक ही थाने पर तैनात आरक्षियों और मुख्य आरक्षियों को लेकर भी नाराजगी सामने आने लगी है। वरुणा जोन में मई में जारी तबादला सूची के बावजूद कई पुलिसकर्मियों के अब तक रिलीव नहीं होने पर विभागीय कार्यप्रणाली और प्रभाव के आधार पर तैनाती को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
21 मई को वरुणा जोन में सात उप निरीक्षकों के साथ मुख्य आरक्षियों और आरक्षियों की तबादला सूची जारी की गई थी। इसके बाद दूसरे थानों पर भेजे गए पुलिसकर्मियों के बीच असंतोष है। पुलिसकर्मियों के व्हाट्सऐप ग्रुपों में संबंधित आरक्षियों और उनके तैनाती स्थलों की सूची वायरल कर नाराजगी जताई जा रही है। इसमें आरोप लगाया जा रहा है कि कुछ पुलिसकर्मी पहुंच के चलते तबादले के बाद भी पुराने थानों पर बने हुए हैं।
वायरल सूची के मुताबिक, रोहनिया थाने के पांच, मंडुवाडीह के तीन, शिवपुर और लालपुर-पांडेयपुर के दो-दो तथा सारनाथ थाने का एक मुख्य आरक्षी और आरक्षी अब तक रिलीव नहीं किया गया है। पुलिसकर्मियों का कहना है कि इनमें कुछ सिपाही छह से सात साल से एक ही थाने पर तैनात हैं। तबादला सूची जारी होने के बाद भी रिलीव नहीं किए जाने से उन पुलिसकर्मियों में नाराजगी है, जिन्हें दूसरे थानों पर भेजा जा चुका है।

