Chandauli News : बीएमडब्ल्यू का नंबर निकला गांजा तस्करी में इस्तेमाल, वाहन स्वामी ने राष्ट्रपति से लगाई गुहार — पुलिस ने शुरू की गहराई से जांच
चंदौली। जिले में गांजा तस्करी के एक मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने जिस वाहन नंबर के आधार पर 52 किलो गांजा बरामदगी के मामले में केस दर्ज किया था, वही नंबर मध्य प्रदेश के कटनी निवासी व्यापारी की लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार का निकला। इस खुलासे के बाद पुलिस जांच में उलझ गई है। वाहन स्वामी ने खुद को निर्दोष बताते हुए राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री तक गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 52 किलो गांजा बरामद किया था, जिसकी बाजार कीमत लगभग 13 लाख रुपये बताई गई। इस दौरान कटनी निवासी नाजिम खान और गाजीपुर के चांद बाबू के खिलाफ तस्करी का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने चांद बाबू के बयान के आधार पर नाजिम खान का नाम भी मामले में जोड़ दिया था।
सिम कार्ड से मिला सुराग
पुलिस जांच में सामने आया कि चांद बाबू के मोबाइल में जो सिम कार्ड मिला, वह 24 सितंबर को मध्य प्रदेश के मैहर से खरीदा गया था। सिम सक्रिय होते ही उसने नाजिम खान से ड्राइवर की नौकरी के संबंध में बातचीत की थी। इसी कॉल रिकॉर्ड और गाड़ी के नंबर प्लेट के आधार पर पुलिस ने खान को आरोपी बनाया।
गाड़ियों के रंग और नंबर में विरोधाभास
जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि बरामद कार सफेद रंग की टाटा मांजा थी, जबकि नाजिम खान की कार नीले रंग की बीएमडब्ल्यू है। सबसे बड़ी बात यह कि दोनों पर एक ही नंबर प्लेट (MP21 ZF 0001) लगी हुई थी।
नाजिम खान बोले — मुझे फंसाने की साजिश
व्यापारी नाजिम खान ने इसे षड्यंत्र बताते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है। उन्होंने इस संबंध में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री, डीजीपी और चंदौली व कटनी के एसपी को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पहले भी कुछ लोगों ने उनके खिलाफ साजिशें रची हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस पूरे मामले पर एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि राष्ट्रपति कार्यालय से प्राप्त पत्र की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि “मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।”
🔹 मामले में अब सवाल यह है — क्या यह कार फर्जीवाड़ा है, या फिर किसी बड़ी साजिश की कड़ी? पुलिस की जांच पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
चंदौली से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट






