आशीष मोदनवाल पत्रकार
उत्तर प्रदेश – देश के स्कूलों में सेक्स एजुकेशन को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि देशभर के स्कूलों में व्यापक यौन शिक्षा लागू करने की योजना है और इसके लिए अदालत की मंजूरी का इंतजार है। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान केंद्र की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस आर. महादेवन की पीठ को इसकी जानकारी दी। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने किशोरों के आपसी सहमति वाले संबंधों और पॉक्सो कानून के दुरुपयोग से जुड़े मामलों पर चिंता जताई थी। कोर्ट ने कहा था कि कई मामलों में 16 से 18 वर्ष के किशोरों के संबंधों को लेकर परिवारों की ओर से आपराधिक मामले दर्ज कराए जाते हैं। इसके बाद केंद्र सरकार ने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव की अध्यक्षता में 26 सदस्यीय पैनल बनाया था। पैनल ने अपनी रिपोर्ट में स्कूलों में व्यापक यौन शिक्षा और बच्चों के यौन शोषण से बचाव से जुड़े विषयों को शामिल करने की सिफारिश की है। रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि NCERT इसके लिए पाठ्यक्रम तैयार करे और इसे नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप लागू किया जाए। पैनल ने प्राथमिक स्तर से ही विशेषज्ञ शिक्षकों की नियुक्ति और नियमित कक्षाएं आयोजित करने की भी सिफारिश की है।
*राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO पद के लिए पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने किया आवेदन*
अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस पद के लिए पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने भी आवेदन किया है, जिसके बाद उनका नाम चर्चा में आ गया है। हाल ही में राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले के बाद ट्रस्ट में संगठनात्मक बदलाव शुरू हुए हैं। इसी क्रम में महासचिव चंपत राय सहित कई प्रमुख पदाधिकारियों के पद छोड़ने के बाद नए अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। ट्रस्ट ने देशभर से योग्य और अनुभवी अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसी प्रक्रिया के तहत पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने भी अपनी दावेदारी पेश की है। ट्रस्ट की ओर से नए सीईओ के चयन की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही इस संबंध में निर्णय लिए जाने की संभावना है। राम मंदिर प्रशासन में होने वाले इस बदलाव पर संत समाज, श्रद्धालुओं और प्रशासनिक हलकों की नजर बनी हुई है।
*आमिर खान की शादी को लेकर मौलाना का बयान, गैर-मुस्लिम महिला से निकाह पर जताई आपत्ति*
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की शादी को लेकर मौलाना चौधरी इफराहीम हुसैन ने बयान जारी किया है। उन्होंने गैर-मुस्लिम महिला से शादी करने को लेकर शरीयत के नियमों का हवाला देते हुए आपत्ति जताई है। मौलाना इफराहीम हुसैन ने कहा कि यदि कोई मुस्लिम व्यक्ति गैर-ईमान वाली महिला से शादी करता है तो वह शरीयत के अनुसार गलत माना जाता है और इसे गुनाह बताया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यों से इस्लाम और शरीयत की छवि प्रभावित होती है। मौलाना ने अपने बयान में कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मुस्लिम व्यक्ति को विवाह से जुड़े नियमों का पालन करना चाहिए। उनका यह बयान आमिर खान की तीसरी शादी को लेकर सामने आया है।
*’अनशन खत्म कर दीजिए’— सोनम वांगचुक से अखिलेश यादव की सविनय अपील*
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक से आमरण अनशन समाप्त करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वांगचुक का जीवन देश और समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और उनका संघर्ष लोकतंत्र, पर्यावरण तथा मानवता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में अखिलेश यादव ने कहा कि सोनम वांगचुक को अपना अनशन समाप्त कर देना चाहिए, क्योंकि उनका जीवन करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनभावनाओं के प्रति संवेदनशील नहीं है और ऐसे में किसी के त्याग का उस पर अपेक्षित असर नहीं पड़ेगा। सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि युवाओं, शिक्षा और पर्यावरण जैसे विषयों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। सोनम वांगचुक युवा प्रदर्शनकारियों के साथ विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। उनकी लगातार बिगड़ती तबीयत को देखते हुए अखिलेश यादव ने उनसे स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए अनशन समाप्त करने की अपील की है।
*पश्चिम एशिया तनाव से शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 561 अंक लुढ़का*
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। बीएसई सेंसेक्स 561.46 अंक गिरकर 77,054.94 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 158.96 अंक फिसलकर 24,052.05 के स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान वित्तीय, ऑटो, रियल एस्टेट और आईटी सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली रही। वहीं फार्मा, स्वास्थ्य सेवा, एफएमसीजी और कुछ धातु शेयरों में सीमित खरीदारी देखने को मिली। डॉलर के मुकाबले रुपया 54 पैसे कमजोर होकर 96.22 पर बंद हुआ। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल, बढ़ती महंगाई और विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने पिछले कारोबारी सत्र में 3,062 करोड़ रुपये से अधिक के शेयर बेचे, जिससे बाजार पर अतिरिक्त दबाव बना।
*UNSC की रेस में भारत की हुंकार, जयशंकर ने दुनिया के सामने रखा ‘SHANTI’ विजन*
भारत ने 2028-29 कार्यकाल के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के अस्थायी सदस्य पद की उम्मीदवारी का आधिकारिक अभियान शुरू कर दिया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने न्यूयॉर्क स्थित यूएन मुख्यालय में भारत का पक्ष रखते हुए शांति, विकास और नियम आधारित वैश्विक व्यवस्था पर जोर दिया। जयशंकर ने कहा कि मौजूदा समय में दुनिया संघर्ष, हिंसा और अस्थिरता से जूझ रही है, ऐसे में संयुक्त राष्ट्र की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने भारत के शांति मिशनों में योगदान और ग्लोबल साउथ की आवाज उठाने की प्रतिबद्धता का भी जिक्र किया। भारत ने अपने अभियान के लिए ‘SHANTI’ विजन पेश किया है, जिसमें भरोसे, नियमों और ईमानदारी के जरिए वैश्विक विकास की बात कही गई है। UNSC की अस्थायी सीट के लिए भारत का मुकाबला ताजिकिस्तान से होगा। चुनाव अगले साल जून में होने हैं।
*किशोरों के रिश्तों पर SC सख्त, बोला- कानून का मकसद भविष्य बर्बाद करना नहीं”*
सुप्रीम कोर्ट ने किशोरों के आपसी सहमति वाले रिश्तों में पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के कथित दुरुपयोग को लेकर गंभीर चिंता जताई है। जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस आर. महादेवन की पीठ ने कहा कि कई मामलों में माता-पिता सामाजिक प्रतिष्ठा के नाम पर किशोरों के रिश्तों को लेकर आपराधिक मामले दर्ज करा देते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने सवाल उठाया कि 15 से 18 वर्ष की उम्र के किशोरों के आपसी संबंधों को हर स्थिति में पॉक्सो कानून के तहत देखना कितना उचित है। कोर्ट ने कहा कि पॉक्सो कानून का उद्देश्य बच्चों को यौन शोषण से बचाना है, लेकिन इसके इस्तेमाल में व्यावहारिक दृष्टिकोण भी जरूरी है। सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि कई मामलों में 16 से 18 वर्ष के किशोर घर छोड़कर चले जाते हैं और बाद में मुकदमे दर्ज होते हैं, लेकिन अंत में अदालतों को उन्हें राहत देनी पड़ती है। कोर्ट ने कहा कि ऐसे मामलों में किसी का भविष्य बर्बाद नहीं होना चाहिए। केंद्र सरकार की ओर से बताया गया कि समस्या से निपटने के लिए कक्षा 6 से ही बच्चों को उनकी उम्र के अनुसार पॉक्सो कानून और किशोर शिक्षा के बारे में जागरूक करने की योजना तैयार की जा रही है। सुप्रीम कोर्ट ने यह सुनवाई किशोरों के निजता के अधिकार से जुड़े स्वत: संज्ञान मामले में की। इस मामले पर अगली सुनवाई 17 जुलाई को होगी।
*देश के 104 हवाईअड्डे अब 100% नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित*
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि देश के 104 हवाईअड्डे अब पूरी तरह नवीकरणीय ऊर्जा पर संचालित हो रहे हैं। उन्होंने इसे स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास की दिशा में भारत की बड़ी उपलब्धि बताया। मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में कोई भी हवाईअड्डा पूरी तरह नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित नहीं था, लेकिन अब सौर ऊर्जा संयंत्रों और जलविद्युत समझौतों के जरिए बिजली की जरूरतें पूरी की जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक सभी हवाईअड्डों को नेट-जीरो उत्सर्जन के अनुरूप विकसित करना है। वहीं, दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा 2022 में पूरी तरह नवीकरणीय ऊर्जा अपनाने वाला देश का पहला हवाईअड्डा बना था।
*भारतीयों की सुरक्षा सर्वोपरि, होर्मुज संकट पर विदेश मंत्रालय सख्त*
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने क्षेत्रीय हालात पर नजर बनाए रखने की बात कही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही जारी रखने की अपील करता है। उन्होंने कहा कि यह वैश्विक ऊर्जा और आर्थिक सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारतीय नागरिक की मौत के मामले में विदेश मंत्रालय ने ईरान के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। रणधीर जायसवाल ने बताया कि हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है, जबकि कई अन्य भारतीय घायल हुए हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। उन्होंने कहा कि भारत ने ईरानी पक्ष के सामने अपनी चिंता स्पष्ट रूप से रखी है और ऐसे हमलों को जल्द रोकने की मांग की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए सभी पक्षों को बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाना चाहिए। मंत्रालय के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र में हुए हमलों में भारतीय नाविक भी प्रभावित हुए हैं। हालिया घटनाओं में दो जहाजों पर कुल 30 भारतीय नाविक मौजूद थे। इनमें एक भारतीय नाविक की मौत हुई, जबकि कई घायल हुए हैं। वहीं, पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में जारी विरोध प्रदर्शनों पर भारत ने कहा कि ये लंबे समय से चले आ रहे शोषण और मानवाधिकारों के उल्लंघन का परिणाम हैं। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान को जवाबदेह ठहराने की अपील की है। दक्षिण चीन सागर के मुद्दे पर भारत ने दोहराया कि समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन जरूरी है। विदेश मंत्रालय ने विवादों के शांतिपूर्ण समाधान पर जोर दिया।
*चारा घोटाला केस में लालू को बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द करने से किया इनकार*
चारा घोटाला मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने झारखंड हाई कोर्ट के उस आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया, जिसमें लालू यादव को जमानत दी गई थी। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने सीबीआई की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि जमानत रद्द करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड हाई कोर्ट से लंबित अपील पर जल्द सुनवाई करने को कहा और इसे छह महीने के भीतर निपटाने का प्रयास करने का निर्देश दिया। सुनवाई के दौरान सीबीआई की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने दलील दी कि हाई कोर्ट ने सजा की अवधि की गणना में गलती की थी। उन्होंने कहा कि सजा पूरी होने की अवधि को गलत तरीके से आधार बनाकर जमानत दी गई। वहीं, लालू यादव की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा कि जमानत देना अदालत के विवेक का अधिकार है। बता दें कि चारा घोटाला मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद लालू यादव ने सजा का आधा हिस्सा पूरा किया था, जिसके आधार पर झारखंड हाई कोर्ट ने वर्ष 2019 में उन्हें जमानत दी थी। सीबीआई ने हाई कोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
*त्विषा शर्मा मौत मामला: सास और पति ने CBI को वॉयस सैंपल देने से किया इनकार, न्यायिक हिरासत बढ़ी*
बहुचर्चित त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में गिरफ्तार सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह ने अदालत के आदेश के बावजूद CBI को वॉयस सैंपल देने से इनकार कर दिया। मंगलवार को भोपाल जिला अदालत ने दोनों की न्यायिक हिरासत 28 जुलाई तक बढ़ा दी। CBI ने अदालत को बताया कि 6 जुलाई को उसकी टीम भोपाल केंद्रीय जेल में वॉयस सैंपल लेने पहुंची थी। एजेंसी के अनुसार, समर्थ सिंह ने सैंपल देने से साफ इनकार कर दिया। वहीं गिरिबाला सिंह का पहला सैंपल उनकी वास्तविक आवाज से अलग पाया गया। दोबारा वास्तविक आवाज में सैंपल देने का अनुरोध किए जाने पर उन्होंने भी मना कर दिया। इसके बाद CBI ने अदालत से दोबारा वॉयस सैंपल लेने की अनुमति मांगी है। सुनवाई के दौरान दिल्ली एम्स के मेडिकल बोर्ड की अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट भी अदालत में पेश नहीं हो सकी। CBI अब उपलब्ध साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर तय समय सीमा के भीतर आरोपपत्र दाखिल करने की तैयारी में जुटी है, ताकि आरोपियों को डिफॉल्ट जमानत का लाभ न मिल सके।
*शाहरुख के ‘मन्नत’ पर कानूनी विवाद खत्म, सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की याचिका*
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने मुंबई स्थित उनके प्रसिद्ध बंगले ‘मन्नत’ के रिनोवेशन के खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया है। फैसले के बाद अब बंगले में प्रस्तावित निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है। सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ ने राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) के पहले दिए गए फैसले को बरकरार रखते हुए याचिका खारिज कर दी। अदालत ने याचिकाकर्ता की मंशा पर भी सवाल उठाए और अपील को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। मामला मुंबई के सामाजिक कार्यकर्ता संतोष दौंडकर की ओर से दायर याचिका से जुड़ा था। उनका आरोप था कि ‘मन्नत’ के रिनोवेशन के लिए दी गई तटीय विनियमन क्षेत्र (सीआरजेड) संबंधी मंजूरी पर्यावरणीय नियमों के अनुरूप नहीं है। हालांकि, एनजीटी ने सितंबर 2025 में ही इस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की गई थी। अब अदालत के फैसले के बाद शाहरुख खान और गौरी खान अपने बंगले में रिनोवेशन के साथ दो नई मंजिलों का निर्माण करा सकेंगे। बांद्रा स्थित ‘मन्नत’ शाहरुख खान के प्रशंसकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण है, जहां हर वर्ष उनके जन्मदिन पर बड़ी संख्या में लोग उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचते हैं।
*कप्तान से बाहर तक का सफर… अब बल्ले से वापसी की कहानी लिखेंगे सूर्यकुमार*
भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनके लिए राष्ट्रीय टीम के दरवाजे बंद नहीं किए हैं, लेकिन वापसी के लिए उन्हें घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था, लेकिन इसके बाद उन्हें कप्तानी से हटाने के साथ टीम से भी बाहर कर दिया गया। उनकी जगह श्रेयस अय्यर को टी20 टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई। हालांकि, श्रेयस की कप्तानी में भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। BCCI सूत्रों के अनुसार, सूर्यकुमार अभी चयनकर्ताओं की भविष्य की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन अगर वह घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाते हैं तो दोबारा टीम में जगह बना सकते हैं। अब उनकी नजर मुंबई की ओर से घरेलू मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने पर होगी। सूर्यकुमार का पिछला प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। पिछले साल वह 19 पारियों में कोई अर्धशतक नहीं लगा सके थे, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्होंने तीन अर्धशतक लगाकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए थे। टी20 विश्व कप 2026 में भी उन्होंने शुरुआती मुकाबले में 84 रनों की नाबाद पारी खेली थी। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए सूर्यकुमार ने 13 पारियों में 270 रन बनाए।







