चंदौली: पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहा गोवंश तस्कर गिरफ्तार, क्रूजर से 02 गोवंश बरामद
चंदौली। जनपद में गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुठभेड़ जैसी स्थिति के बाद एक शातिर गोवंश तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक क्रूजर वाहन और उसमें क्रूरतापूर्वक लादे गए 02 गोवंश बरामद किए हैं।
कैसे हुई कार्रवाई?
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में थाना चंदौली पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोडरिया-बसरिकपुर मार्ग से चंदौली-सकलडीहा हाईवे की ओर जाते समय सामने से एक संदिग्ध क्रूजर वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर वाहन में सवार तस्करों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और चलती गाड़ी से कूदकर सड़क के दोनों ओर खेतों में भागने लगे।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ व बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी देते हुए सरकारी पिस्टल से दो राउंड हवाई फायर किए। घेराबंदी कर पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त सूरज उर्फ गोलू पटेल (26 वर्ष), निवासी ग्राम लमही (थाना पहड़िया, वाराणसी) को दबोच लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्त सूरज ने पूछताछ में बताया कि वह महज 5,000 रुपये और गांजा पीने के लालच में इस तस्करी में शामिल हुआ था। गिरोह के सदस्य वाराणसी शहर से छुट्टा गोवंशीय पशुओं को क्रूजर (UP 64 AT 0120) में लादकर वध के लिए बिहार ले जाते थे। उसने बताया कि गाड़ी विकास चौहान चला रहा था और उसमें बाबू यादव, संतु यादव व शिवकुमार सोनकर भी सवार थे। पकड़े जाने के डर से विकास चौहान के कहने पर शिवकुमार सोनकर ने पुलिस पर गोली चलाई थी। चलती गाड़ी से कूदने के कारण सूरज घायल हो गया और पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
बरामदगी एवं विधिक कार्रवाई
पुलिस ने मौके से क्रूजर वाहन (UP 64 AT 0120) और उसमें लदे 01 गाय व 01 सांड को सुरक्षित बरामद कर लिया है। मामले में थाना चंदौली पर मु0अ0सं0-532/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं बीएनएस की धारा 109(1)/3(5) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर फरार अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के साथ उपनिरीक्षक हरेन्द्र यादव, मारकण्डेय सिंह, रामसुजान यादव तथा कांस्टेबल तनिष्क साहू, अभिषेक गुप्ता और अरुण कुमार वर्मा शामिल रहे।





