चंदौली: शहाबगंज के गोविंदीपुर रजवाहे में नहाते समय बड़ा हादसा, पिकनिक मनाकर लौट रहे युवक की डूबने से दर्दनाक मौत
शहाबगंज (चंदौली)। जनपद के चकिया क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा लतीफ शाह बांध के समीप शहाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। राइट कर्मनाशा के गोविंदीपुर रजवाहा में नहाने के दौरान एक ३० वर्षीय युवक की गहरे पानी में चले जाने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शैलेश उर्फ शुभम प्रजापति (पुत्र रामअशीष प्रजापति) ग्राम भूसीकृत पुरवा के रूप में हुई है।
दोस्तों संग नहाते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि शुभम अपने दोस्तों के साथ बाबा लतीफ शाह बांध पर पिकनिक मनाने आया था। पिकनिक का आनंद लेने के बाद जब सभी दोस्त वापस लौट रहे थे, तभी शहाबगंज थाना क्षेत्र के गोविंदीपुर रजवाहे में सभी दोस्त नहाने के लिए रुक गए। नहाने के दौरान शुभम अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथियों ने बचाई जान, पर नहीं बची जिंदगी: शुभम को संकट में देख उसके दोस्तों ने हिम्मत दिखाई और रजवाहे में छलांग लगाकर उसे किसी तरह पानी से बाहर निकाला। साथियों ने उसकी जान बचाने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन तब तक शुभम की सांसें थम चुकी थीं।
ग्रामीणों की भारी भीड़, मौके पर पहुंची शहाबगंज पुलिस
चीख-पुकार सुनकर देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय शहाबगंज पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही शहाबगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पंचनामा की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
परिजनों में मचा कोहराम
३० वर्षीय शुभम की इस अचानक हुई मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







