रक्षाबंधन से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापे, 11 नमूने जांच के लिए लिए
वाराणसी। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। 24 और 25 अगस्त को कज्जाकपुरा, चोलापुर, लोहता, रामनगर चौराहा, भीटी, बाबतपुर, बसनी, हरहुआ और भोजूबीर समेत विभिन्न क्षेत्रों में 23 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 17 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बूंदी के लड्डू, खोया, बूंदी, छेना मिठाई, बर्फी, रसगुल्ला, पनीर समेत 11 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।

यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी वाराणसी के निर्देश पर अभिसूचना आधारित अभियान के तहत की गई। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय एवं अभिहित अधिकारी कौशलेन्द्र शर्मा के निर्देशन में गठित प्रवर्तन दल ने अलग-अलग स्थानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की।अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगदीश नारायण सिंह, राम चरन यादव, कृष्ण चन्द्र, नरेन्द्र कुमार यादव, रतनेश कुमार, सच्चिदानन्द राय, रामानन्द, जयहिन्द राम, सन्तोष कुमार, नीरज, राजेश कुमार, आदित्य विक्रम, गीता त्रिपाठी, बिन्दु पाण्डेय, देवेश, सुनील कुमार पटेल और आनन्द सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।





