Friday, August 21, 2026
No menu items!
No menu items!

साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार

साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार

 

चन्दौली। ऑनलाइन साइबर ठगी के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल करने वाले म्यूल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना अलीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस के अनुसार, चिन्हित 17 म्यूल बैंक खातों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर 16 राज्यों से 76 साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब 29 लाख रुपये की ठगी की राशि सामने आई है।

 

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 08 बैंक खाता विवरण दस्तावेज, 05 पासबुक, 01 चेकबुक, 06 डेबिट कार्ड, 06 सिम कार्ड, दो कूटरचित आधार कार्ड, तीन स्मार्ट मोबाइल फोन और 650 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद बैंकिंग दस्तावेजों और NCRP पोर्टल से मिलान करने पर अकेले इन दस्तावेजों से जुड़े खातों में 7,20,725 रुपये के साइबर फ्रॉड का विवरण सामने आया है।

 

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नीतीश कुमार पुत्र कृष्णदेव प्रसाद, निवासी ग्राम मीर चक, थाना वारिस अलीगंज, जनपद नवादा, बिहार तथा अमन शर्मा पुत्र सत्यनारायण शर्मा, निवासी सकलडीहा कोट, थाना सकलडीहा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।

 

डीआरएम कार्यालय के पास से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की रात साइबर सेल और अलीनगर पुलिस टीम संदिग्ध म्यूल खातों से जुड़े लोगों की तलाश में चकिया तिराहे के पास मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि साइबर ठगी की रकम मंगाने और बैंक खातों के अवैध लेन-देन में शामिल गिरोह के सदस्य मुगलसराय स्थित वीआईपी गेट, डीआरएम कार्यालय के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर रात करीब 21:52 बजे दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

 

कई राज्यों में साइबर ठगी की रकम का लेन-देन

पुलिस जांच में नीतीश कुमार के कब्जे से मिले आठ बैंक खाता दस्तावेजों का संबंध ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, राजस्थान, गुजरात और चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में दर्ज लोन फ्रॉड, डिलीवरी फ्रॉड और यूपीआई फ्रॉड से पाया गया। इन खातों से जुड़े मामलों में करीब 3,97,477 रुपये की साइबर ठगी का विवरण सामने आया।

 

वहीं अमन शर्मा के कब्जे से मिले बैंक दस्तावेजों में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक समेत अन्य बैंकों के खाते साइबर शिकायतों में इस्तेमाल पाए गए। एक खाते से गाजीपुर, तमिलनाडु और कर्नाटक में दर्ज आठ साइबर शिकायतों का संबंध सामने आया, जिसमें करीब 2.52 लाख रुपये की ठगी की बात सामने आई। उसके कब्जे से मिले बैंक दस्तावेजों से कुल 3,23,248 रुपये के साइबर फ्रॉड का विवरण पुलिस को मिला।

 

फर्जी आधार कार्ड से छिपाते थे पहचान

पुलिस के मुताबिक, आरोपित पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के लिए स्थानीय पते के कूटरचित आधार कार्ड का इस्तेमाल करते थे। बरामद एक आधार कार्ड पर फोटो नीतीश कुमार की लगी थी, जबकि नाम किसी अन्य व्यक्ति का अंकित था। इसी तरह अमन शर्मा के कब्जे से मिले आधार कार्ड पर उसकी फोटो लगी थी, लेकिन नाम और पता किसी अन्य व्यक्ति का दर्ज था।

भोले-भाले लोगों के नाम पर खुलवाते थे खाते

पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि अमन शर्मा लोगों को अपने जाल में फंसाकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाता था और उनसे पासबुक, चेकबुक, डेबिट कार्ड व सिम कार्ड हासिल करता था। इसके बाद नीतीश कुमार इन बैंकिंग दस्तावेजों और खातों को बिहार के नवादा निवासी सोनू सिंह तक पहुंचाता था।

पुलिस के अनुसार, इन्हीं खातों का इस्तेमाल देशभर में साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया जाता था।

लोन, डिलीवरी और निवेश के नाम पर ठगी

जांच में सामने आया है कि गिरोह द्वारा बजाज फाइनेंस के नाम पर लोन दिलाने, Meesho डिलीवरी पार्सल भुगतान, फेसबुक विज्ञापन, पार्ट-टाइम नौकरी और निवेश का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी की जाती थी। पुलिस को तमिलनाडु, गुजरात, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, तेलंगाना, राजस्थान, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों की NCRP शिकायतों में इन खातों के इस्तेमाल के साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 0496/2026, धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 339, 3(5) बीएनएस एवं धारा 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस गिरोह के अन्य सहयोगी सोनू सिंह निवासी नवादा, बिहार की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पूर्व 10 अगस्त को थाना चंदौली पुलिस और साइबर टीम ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर तीन पासबुक, तीन कूटरचित आधार कार्ड और एक स्मार्टफोन बरामद किया था।

 

चन्दौली से ~ तारकेश्वर पाण्डेय की रिपोर्ट

escort bayan sakarya escort bayan eskişehir