आशीष मोदनवाल पत्रकार
वाराणसी।धर्मनगरी काशी में गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिवाली की खरीदारी कराने के बहाने 20 वर्षीय छात्रा को अपने साथ ले जाने वाले एक शिक्षक पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। वारदात के दौरान छात्रा की हालत बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। घबराया आरोपी उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों की सतर्कता से पूरे मामले का खुलासा हो गया। सूचना पर पहुंची चेतगंज पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।
शॉपिंग के बहाने छात्रा को अपने कमरे पर ले गया शिक्षक
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती आर्य महिला डिग्री कॉलेज में स्नातक तृतीय वर्ष की छात्रा है। आरोपी शिक्षक अभिषेक कुमार तिवारी (40), मूल निवासी भदोही, चेतगंज थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहता है और उसी कॉलेज में अध्यापन करता है।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार को आरोपी ने छात्रा को दीपावली की खरीदारी कराने के बहाने बाजार बुलाया। दोपहर करीब तीन बजे छात्रा घर से निकली और आरोपी के साथ स्मार्ट बाजार पहुंची। वहां कपड़े, उपहार और घरेलू सामान की खरीदारी करने के बाद दोनों ने बाहर खाना खाया। आरोप है कि इसके बाद शिक्षक छात्रा को बहला-फुसलाकर चेतगंज स्थित अपने किराए के कमरे पर ले गया।
कमरे में दुष्कर्म का आरोप, गंभीर रक्तस्राव से बिगड़ी हालत
आरोप है कि कमरे पर पहुंचने के बाद शिक्षक ने छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान उसे गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। छात्रा की हालत बिगड़ती देख आरोपी घबरा गया और उसे आनन-फानन में एलायंस अस्पताल लेकर पहुंचा।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बावजूद रक्तस्राव नहीं रुकने और हालत गंभीर बने रहने पर डॉक्टरों ने परिजनों को सूचना देने को कहा। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा की मां को फोन कर दुर्घटना में चोट लगने की झूठी कहानी बताई।
डॉक्टरों ने खोली पोल, अस्पताल पहुंचते ही मचा हड़कंप
बेटी की गंभीर हालत देखकर मां बदहवास हो गईं। इसी दौरान डॉक्टरों ने उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी और बताया कि मामला दुर्घटना का नहीं, बल्कि कथित यौन हिंसा का है। सच्चाई सामने आते ही परिजनों ने अस्पताल में विरोध जताया और पुलिस को सूचना दी।
चेतगंज पुलिस ने आरोपी शिक्षक को दबोचा, छात्रा हायर सेंटर रेफर सूचना मिलते ही चेतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अभिषेक कुमार तिवारी को हिरासत में ले लिया। पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर, छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
काशी में इस घटना ने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते और महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






