विश्व दृष्टि दिवस पर चंदौली पुलिस का मानवीय चेहरा: एसपी आकाश पटेल ने दृष्टिबाधित बच्चों संग बिताए पल, कहा—’प्रतिभा किसी कमी की मोहताज नहीं’
चंदौली। विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन चंदौली में गुरुवार को खाकी का बेहद संवेदनशील और मानवीय चेहरा देखने को मिला। चंदौली पुलिस और ‘मार्गदर्शी संस्था’ (अमर ज्योति सेवा केंद्र, रवैहेरा) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने दृष्टिबाधित बच्चों के साथ आत्मीय संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा गाए गए भावपूर्ण स्वागत गीत से हुई, जिसकी मधुर धुन ने सभागार में मौजूद हर शख्स को मंत्रमुग्ध कर दिया। एसपी ने बच्चों की शानदार प्रस्तुति की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उनके हुनर को सराहा।
बच्चों के तीखे सवालों के एसपी ने दिए सहज जवाब
संवाद सत्र के दौरान दृष्टिबाधित बच्चों ने बाल-सुलभ अंदाज में एसपी आकाश पटेल से कई रोचक सवाल पूछे। कप्तान ने भी बड़े ही सहज भाव से उनके हर सवाल का जवाब दिया और बच्चों के सपनों, उनकी रुचियों और भावी योजनाओं को जाना। एसपी ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रतिभा किसी शारीरिक कमी की मोहताज नहीं होती; मजबूत इच्छाशक्ति और अटूट आत्मविश्वास के बल पर दुनिया का कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
ब्रेल लिपि और विशेष शिक्षण पद्धति को समझा
एसपी ने बच्चों के साथ आए विशेष शिक्षकों से बातचीत कर ब्रेल लिपि की कार्यप्रणाली, संगीत प्रशिक्षण और शिक्षण तकनीकों की बारीकियों को समझा। शिक्षकों के सेवाभाव की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इन बच्चों को शिक्षा, संसाधन और सम्मान देकर समाज की मुख्यधारा में शामिल करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
नेत्रदान महादान: समाज से की अपील
“Love Your Eyes, Save Your Sight” के संदेश को रेखांकित करते हुए एसपी आकाश पटेल ने आमजन से नेत्रदान का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा, “आंखें कुदरत का अनमोल तोहफा हैं। नेत्रदान महादान है; हमारा एक छोटा सा फैसला किसी की बेरंग जिंदगी में नई रोशनी भर सकता है।”
कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को लंच पैकेट बांटे गए और उनके शिक्षकों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, प्रतिसार निरीक्षक वेदमणी मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और संस्था के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


