चंदौली में कृभको ने आयोजित की ‘पीएम प्रणाम-फसल संगोष्ठी’, संतुलित उर्वरक प्रयोग और जैव खेती पर दिया जोर
चंदौली (उत्तर प्रदेश): कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (KRIBHCO) द्वारा सोमवार को जनपद चंदौली के साहबगंज स्थित ग्राम सैदपुर में ‘पीएम प्रणाम-फसल संगोष्ठी’ का सफल आयोजन किया गया। संगोष्ठी में क्षेत्र के 50 से अधिक प्रगतिशील किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रबी फसलों के उन्नत प्रबंधन की तकनीकी बारीकियां सीखीं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चकिया के एडीओ (कृषि) डॉ. निशिकांत ओझा उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि विशेषज्ञ श्री कपिलदेव एवं स्थानीय ग्राम प्रधान श्री अजय गुप्ता ने शिरकत की। संगोष्ठी का कुशल संचालन कृभको (वाराणसी एवं चंदौली) के वरिष्ठ क्षेत्र अधिकारी श्री आदर्श कुमार सिंह ने किया।
जैव उर्वरकों और बीज उपचार का महत्व
कृभको के क्षेत्र प्रतिनिधि ने किसानों को रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध प्रयोग से बचने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि तरल जैव उर्वरक (जैसे NPK-1, एजोटोबैक्टर, राइजोबियम एवं PSB) वातावरण की नाइट्रोजन को मिट्टी में स्थिर करते हैं और अघुलनशील फास्फोरस को पौधों के लिए सुलभ बनाते हैं। बीज उपचार में इनका उपयोग फसलों के स्वस्थ विकास के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होता है। इसके साथ ही, आगामी रबी सीजन में गेहूं की फसल के लिए जिंक सल्फेट (33%) की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि यह कल्ले फूटने (Tillering) और बालियों में दानों के समुचित भराव के लिए अत्यंत आवश्यक है।
मृदा परीक्षण के आधार पर करें संतुलित पोषण
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को पारंपरिक तौर-तरीकों के स्थान पर मृदा परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश (NPK) तथा सूक्ष्म पोषक तत्वों का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी। वक्ताओं ने रेखांकित किया कि संतुलित पोषण से खेती की लागत घटती है और उपज में 15 से 20 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा, गोबर की खाद, हरी खाद और तरल जैव उर्वरकों के समन्वित प्रयोग से मिट्टी की दीर्घकालिक उर्वरता बनाए रखने पर बल दिया गया।
संगोष्ठी के दौरान केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि किसान सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ क्षेत्र अधिकारी श्री आदर्श कुमार सिंह ने उपस्थित अतिथियों एवं किसान भाइयों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।




