*चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के दृष्टिगत सोनभद्र में सतर्कता, ग्रामीण क्षेत्रों में लाउडस्पीकर से किया जा रहा जागरूक*
*जिलाधिकारी ने आमजन से सावधानी बरतने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की*
चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के दृष्टिगत जनपद सोनभद्र में सतर्कता बरती जा रही है। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जा रही है, ताकि संभावित प्रतिकूल मौसम की स्थिति में जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अवगत कराया कि जनसामान्य की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने तथा आमजन तक आवश्यक सूचनाएं पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। तेज हवाओं, आंधी एवं बारिश के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर भवनों के आसपास जाने से बचें। मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों और दिशा-निर्देशों का पालन करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में घबराने के बजाय प्रशासन से संपर्क करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। मौसम से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने तथा जनसामान्य को जागरूक करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आपातकालीन सहायता के लिए संपर्क नंबर: 05444-297645
आपदा हेल्पलाइन: 1077
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने आसपास के लोगों को भी आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करें, जिससे किसी भी संभावित आपदा के दौरान सुरक्षित रहा जा सके।

