टीबी मुक्त काशी अभियान के तहत कबीर चौरा के कम्पोजिट स्कूल में हुआ विद्याथियों का उन्मुखीकरण
शिक्षा विभाग व पीरामल फ़ाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन
वाराणसी, 24 जनवरी 2026– प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान व राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को जनपद के कबीरचौरा के कम्पोजिट स्कूल में टीबी मुक्त काशी अभियान के लिए स्कूल के बच्चों का उन्मुखीकरण किया गया । यह कार्यक्रम शिक्षा विभाग व पीरामल फ़ाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। वाराणसी के सभी आठों ब्लॉक सहित शहर में टीबी मुक्त पंचायत अभियान का कार्य निरंतर संचालित किया जा रहा है।
इस दौरान पिरामल फाउंडेशन के अरविंद गुप्ता ने कहा कि टीबी के जीवाणु रोगी के खाँसने, छींकने और थूकने से हवा में फैल जाते हैं और साँस लेने से स्वस्थ व्यक्ति के फेफड़े में पहुँच कर रोग उत्पन्न करते हैं। इसलिए इस अभियान में टीबी के लक्षण युक्त (संभावित रोगियों) सभी व्यक्तियों को जांच अवश्य करानी चाहिए। उन्होंने सभी सहयोगी संस्थाओं से अपील की है कि समस्त शहरी वार्ड में स्क्रीनिंग, जांच, निदान व सम्पूर्ण उपचार पर पूरा ज़ोर दें। इसके साथ ही स्वास्थ कार्यकर्ताओं से समन्वय स्थापित कर समुदाय में लोगों को जागरूक करें।
प्रधानाचार्या श्रीमती मधु सिंह के नेतृत्व में यह उन्मुखीकरण सकुशल सम्पन्न हुआ और यह संदेश दिया गया कि अपने समुदाय के हर संक्रमित लोगों की जांच में अवश्य सहयोग प्रदान करें। संस्था साथ ही स्थानीय सभासद के साथ मिलकर वार्ड स्तर पर समुदाय को टीबी के लक्षण, स्क्रीनिंग, जांच, निदान, उपचार, पोषण व भावनात्मक सहयोग आदि को लेकर जागरूक कर रही है।
इस मौके पर पीरामल फ़ाउंडेशन टीम से अरविंद गुप्ता ,प्रधानाचार्या मधु सिंह सहित समस्त अध्यापक एवं अध्यापिका गण उपस्थित थे।
*इन बातों का रखें ध्यान –*
– दो हफ्ते या उससे अधिक खाँसी, खाँसी के साथ बलगम आना, रात में पसीना आना, भूख न लगना और वजन में लगातार गिरावट आदि लक्षण हैं तो टीबी हो सकती है। ऐसे लक्षण नजर आने पर तुरन्त नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर सम्पर्क करें।
– टीबी की समस्त आधुनिक जाँच एवं सम्पूर्ण उपचार समस्त सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपलब्ध है।
– अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नम्बर 1800-11-6666 पर संपर्क कर सकते हैं और टीबी आरोग्य सेतु एप को भी डाउनलोड कर सकते हैं।




