
बाबा विश्वनाथ की भक्ति में उमड़ा जनसैलाब, भव्य कलश यात्रा में गूंजा हर-हर महादेव
वाराणसी, वरुणा क्षेत्र व्यापार मंडल के तत्वावधान में रविवार को बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए भव्य कलश यात्रा निकाली गई। वरुणा पुल स्थित यूपी मोटर पेट्रोल पंप से प्रातः 11:30 बजे शुरू हुई यात्रा का नेतृत्व व्यापार मंडल के महामंत्री सोमनाथ विश्वकर्मा ने किया।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में व्यापारी, महिलाएं एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं ने सिर पर गंगाजल एवं बेलपत्र से सुसज्जित कलश धारण किए, जबकि श्रद्धालु हाथों में केसरिया ध्वज लेकर बाबा की भक्ति में आगे बढ़े। यात्रा मार्ग पर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। बाबा विश्वनाथ के दिव्य स्वरूप की भव्य झांकी यात्रा का विशेष आकर्षण रही।






