भारत विकास परिषद साकेत शाखा के संस्कृति सप्ताह में सजा श्री जगन्नाथ मंदिर, भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
भारत विकास परिषद साकेत शाखा की ओर से आयोजित संस्कृति सप्ताह के पांचवें कार्यक्रम के अंतर्गत अस्सी घाट के समीप स्थित प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भगवान श्री जगन्नाथ जी का भव्य श्रृंगार किया गया। इसके बाद भजन संध्या और प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ।
भजन संध्या में पूर्वांचल के प्रसिद्ध भजन गायक प्रमोद वर्मा (पप्पू जी), उत्तम, शुभम दुबे एवं रीता शर्मा ने अपने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।
इस अवसर पर बताया गया कि अस्सी घाट के समीप स्थित श्री जगन्नाथ प्रभु का यह प्राचीन मंदिर धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। यहीं से प्रभु श्री जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन होता है, जिसे काशी के प्रमुख लख्खा मेलों में स्थान प्राप्त है। मंदिर के जीर्णोद्धार के साथ यहां भव्य कॉरिडोर के निर्माण का कार्य भी चल रहा है। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के अनूप जैन, ज्ञानेश्वर जायसवाल, अधिशी अग्रवाल, मंगला प्रसाद गुप्ता, रमेश गुप्ता, सुरेंद्र अग्रवाल, बल्लभ रस्तोगी, भोला नाथ सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संयोजन श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के सचिव शैलेश त्रिपाठी ने किया। मंदिर के मुख्य पुरोहित वयोवृद्ध श्री राधेश्याम पांडेय जी ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं अतिथियों को आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय संस्कृति, भक्ति और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संदेश दिया गया।






