चन्दौली में कानून-व्यवस्था पर एसपी का सख्त एक्शन: नकबजनी रोकने में नाकाम 3 दरोगा तत्काल प्रभाव से निलंबित
चन्दौली। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कड़ा रुख अपनाया है। नकबजनी (घर में चोरी) की वारदातों पर अंकुश लगाने में विफलता, दर्ज मामलों का खुलासा न करने और विवेचना में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में एसपी ने तीन उपनिरीक्षकों (दरोगाओं) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक की इस सख्त कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
इन 3 उपनिरीक्षकों पर गिरी निलंबन की गाज
1. उपनिरीक्षक दिनेश राम (थाना सकलडीहा):
सकलडीहा थाने में दर्ज मु०अ०सं० 87/2025 व 113/2025 की विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक दिनेश राम ने घटनाओं का खुलासा किए बिना और चोरी गए माल व आरोपियों की बरामदगी के बिना ही अंतिम रिपोर्ट (FR) लगा दी। क्षेत्राधिकारी सकलडीहा द्वारा कई बार लिखित व मौखिक निर्देश दिए जाने के बावजूद कोई सार्थक प्रयास नहीं किया गया। सीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्हें निलंबित किया गया।
2. उपनिरीक्षक रामकेर यादव (थाना मुगलसराय):
मुगलसराय थाने में तैनात दरोगा रामकेर यादव पर अपने बीट क्षेत्र में अपराधों पर नियंत्रण न रख पाने, चोरी व नकबजनी जैसे गंभीर मामलों की विवेचना व माल बरामदगी में रुचि न लेने और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप है। क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
3. उपनिरीक्षक केशव प्रसाद सिंह (थाना चन्दौली):
थाना चन्दौली के हल्का/बीट संख्या 01 में तैनात उपनिरीक्षक केशव प्रसाद सिंह अपने इलाके में लगातार हो रही नकबजनी की घटनाओं पर रोक लगाने में पूरी तरह असफल रहे। क्षेत्राधिकारी सदर की आख्या के आधार पर एसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
एसपी आकाश पटेल की दो टूक: ‘लापरवाही पर होगी कठोरतम कार्रवाई’
कार्रवाई के संबंध में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनसुरक्षा और पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, ढिलाई या अनुशासनहीनता बरतने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोरतम विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


