विहिप के पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह चंदेल का निधन, हरिश्चंद्र घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
रोहनिया। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं निवर्तमान काशी प्रांत मंत्री महेंद्र सिंह चंदेल (70) निवासी सागरपुर दरेखू का बुधवार को निधन हो गया। वे जनसंघ के समय से जुड़े रहे और भाजपा के वरिष्ठ नेता थे। परिजनों के अनुसार हृदयाघात के बाद पिछले नौ दिनों से निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था और वे वेंटिलेटर पर थे। पेशे से सिविल इंजीनियर चंदेल विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षिक संगठनों से भी जुड़े थे। वे वन्देमातरम हिंदी पाक्षिक के व्यवस्थापक, श्री काशी संस्कार समिति के उपाध्यक्ष तथा एकल विद्यालय काशी क्षेत्र के व्यवस्था प्रभारी रहे। विश्वक्षत्रिय महासभा पूर्वांचल में संयोजक का दायित्व भी उन्होंने संभाला था। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं, बड़े पुत्र रीशू चंदेल ने हरिश्चंद्र घाट पर मुखाग्नि दी। निधन की सूचना पर विधायक डॉ. सुनील पटेल, पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र पटेल सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।




