चंदौली के नए जिलाधिकारी बने आईएएस शैलेश कुमार, भदोही से हुआ तबादला
चंदौली। शासन स्तर पर किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत 2016 बैच के आईएएस अधिकारी शैलेश कुमार को चंदौली जिले का नया जिलाधिकारी (DM) नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे भदोही जिले में जिलाधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के मल्लावां निवासी शैलेश कुमार की गिनती एक तेज-तर्रार और अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी के रूप में होती है। जिलाधिकारी के रूप में भदोही उनका पहला जिला था, जहां उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई।
प्रमुख पदों पर दे चुके हैं सेवाएं
चंदौली के डीएम का पदभार संभालने से पहले शैलेश कुमार प्रदेश के कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर कार्य कर चुके हैं। वे मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) के उपाध्यक्ष तथा झांसी के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जैसे दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। अब उन पर चंदौली जिले की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने और विकास कार्यों को गति देने की जिम्मेदारी होगी।







