राष्ट्रीय एकता दिवस: एसपी आकाश पटेल ने पुलिसकर्मियों को दिलाई एकता और सुरक्षा की शपथ; थानों और चौकियों पर भी हुआ आयोजन
चन्दौली (31 अक्टूबर): जनपद में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पुलिस लाइन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित जिले के समस्त थानों व चौकियों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
पुलिस लाइन चन्दौली में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। एसपी ने उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की एकता और संप्रभुता की रक्षा के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने की शपथ दिलाई।
सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोया: एसपी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा, “सरदार पटेल की जयंती हमें उनके दूरदर्शी नेतृत्व, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण की याद दिलाती है। उन्होंने अपनी अद्वितीय राजनीतिक सूझबूझ से देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। राष्ट्रीय एकता और अखंडता के मार्ग पर पूरी निष्ठा से चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।”
थानों और चौकियों पर भी गूंजी शपथ
एसपी कार्यालय और पुलिस लाइन के अलावा जनपद के सभी थानों, पुलिस चौकियों और प्रशासनिक कार्यालयों में भी प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने एकता दिवस की शपथ ली। इस दौरान सभी ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
इस गरिमामयी अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) सतीश चन्द्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय राय, क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार सहित पुलिस कार्यालय और पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



