शास्त्री विचारधारा के साथ राष्ट्रीय जन जागरण पार्टी का शुभारंभ
वाराणसी। पूज्य लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों, विचारों एवं जीवन-मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ भारतीय जन जागरण समिति ने राजनीतिक क्षेत्र में प्रवेश करते हुए राष्ट्रीय जन जागरण पार्टी के गठन की घोषणा की। चांदपुर चौराहा स्थित बनारस पैलेस उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में पार्टी के राजनीतिक पदार्पण की औपचारिक घोषणा हुई। कार्यक्रम में राजनीति में शुचिता, पारदर्शिता, जवाबदेही, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
आयोजन के प्रथम चरण में संतोष कुमार ‘प्रीत’ के संयोजन में फुर्तीला बनारसी, आनन्द कृष्ण ‘मासूम’, रामजतन पाल ‘सज्जन’, डॉ. प्रताप शंकर दुबे, डॉ. पुष्पेंद्र अस्थाना एवं डॉ. विनोद वर्मा ने काव्य प्रस्तुतियां दीं। सभी कवियों को मेजर सूबेदार सिंह एवं डॉ. बेनी माधव ने अंगवस्त्रम, स्मृति-चिह्न एवं पुस्तक भेंटकर सम्मानित किया।





