*वाराणसी*- शासन के निर्देश के क्रम में कृषकों को उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने, कालाबाजारी रोकने तथा उर्वरक गुणवत्ता बनाये रखने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को 33 उर्वरक बिक्री केंद्रों पर छापेमारी की गयी।बगैर सूचना के बिक्री केंद्रों के बंद मिलने व अभिलेख अपूर्ण मिलने पर कुल चार उर्वरक बिक्री केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी की गयी।जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि
बिक्री केन्द्र पर उपलब्ध स्टाक एवं पीओएसमशीन में प्रदर्शित स्टाक का सत्यापन करने के निमित्त जनपद-व्यापी चेकिंग अभियान के तहत् उर्वरक निरीक्षक एवं अन्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर जनपद के साधन सहकारी समितियों, पीसीएफ विक्रय केन्द्रों, इफको सेवा केन्द्रों,औद्यानिक समिति एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं के बिक्री केन्द्रों पर छापे की कार्रवाई की गयी।
जिलाधिकारी द्वारा नामित अधिकारियों की तीन टीमों ने केन्द्रों की जांच करते हुए गुणवत्ता परीक्षण हेतु 12 उर्वरक के नमूने लिये गये जिसे परीक्षण हेतु प्रयोगशाला में भेजा जायेगा।
*चार बिक्री केंद्रों को कारण बताओ नोटिस -*
निरीक्षण के समय दुकान बन्द पाये जाने पर मेसर्स एसबीएस इन्टरप्राइजेज-बभनपुर एवं साधन सहकारी समिति-कमौली के साथ ही अभिलेख अपूर्ण पाये जाने पर मेसर्स किसान बीज भण्डार-रमईपुर एवं मेसर्स भग्गल एण्ड संस खाद भण्डार-रमईपुर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
*किसानों की सुविधा के लिए खुला उर्वरक कंट्रोल रूम-*
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद मे पर्याप्त मात्रा में यूरिया, डीएपी, एनपीके एवं अन्य उर्वरक उपलब्ध है। किसी भी क्षेत्र में किसी उर्वरक की कोई कमी नहीं है। साथ ही उर्वरक से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान हेतु किसान भाई विकास भवन के चतुर्थ तल (कमरा नम्बर-402) में स्थापित उर्वरक कन्ट्रोल रूम नम्बर-7007259547 एवम् 9369560120 पर किसी भी कार्य दिवस में फोन करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते है।
*जांच टीम में शामिल रहे ये अधिकारी-*
टीम-1 में जिला कृषि अधिकारी,जिला उद्यान अधिकारी श्री सुभाष कुमार को तहसील-सदर, टीम-2 में कृषि रक्षा अधिकारी एवम् जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को तहसील-पिण्डरा, टीम-3 में भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक कुमार यादव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य को राजातालब तहसील आवंटित किया गया।साथ में वरिष्ठ सहायक अरविंद श्रीवास्तव एवं अनिल कुमार सिंह उपस्थित रहे।





