हनुमान जन्मोत्सव पर स्टेशन पर बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था।

आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त रूप से जंक्शन और सर्कुलेटिंग एरिया में किया जांच पड़ताल।
चन्दौली ब्यूरो/डीडीयू नगर, विगत दिनों रामनवमी पर्व पर अन्य प्रदेशों में हुए दंगे को देखते हुए हनुमान जन्मोत्सव पर डीडीयू जंक्शन पर सतर्कता बरती गई। रेलवे स्टेशन पर कोई उपद्रवी न आए इसके लिए और जीआरपी ने संयुक्त रूप से गश्त की। वहीं यात्रियों को किसी प्रकार के अफवाह पर ध्यान न देने के लिए जागरूक किया।
हावड़ा दिल्ली रूट पर स्थित डीडीयू स्टेशन बिहार से सटा हुुुआ है। रामनवमी पर बिहार और बंगाल में बड़े पैमाने पर हिंसा हुई। यही नहीं दो दिन पहले सासाराम में दंगा भड़का। हिंसा की आंच रेलवे स्टेशन तक भी पहुंच गई थी। इसको देखते हुए हनुमान जन्मोत्सव पर प्रदेश में इस तरह की घटना न हो इसके लिए बुधवार और बृहस्पतिवार को पूरे डीडीयू मंडल में अलर्ट घोषित किया गया है। इसी क्रम में जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह और आरपीएफ डीडीयू पोस्ट निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में स्टेशन पर चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी प्लेटफार्म, यात्री हाल, सर्कुलेटिंग एरिया आदि की जांच की गई। वहीं लाडडस्पीकर के माध्यम से यात्रियों को किसी प्रकार के अफवाह में न पड़ने, रेल और अन्य संपत्ति का नुकसान न पहुंचाने की अपील की गई। ट्रेनों में भी यात्रियों को किसी संदिग्ध वस्तु अथवा व्यक्ति के दिखने पर इसकी सूचना सुरक्षा बलों को देने का आह्वान किया गया। जीआरपी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह और आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि हनुमान जंयती पर अलर्ट घोषित किया गया था। इसको देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है। चेकिंग अभियान लगातार चलाया जाएगा।





