बच्छाव
नेतृत्व व अधिकारों की जानकारी से किशोरियों को किया गया सशक्त
सृजन सेवा ट्रस्ट व किशोरी संगठन का ओरिएंटेशन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
बच्छाव, 12 जुलाई। सृजन सेवा ट्रस्ट एवं किशोरी संगठन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बच्छाव पंचायत भवन में किशोरियों का एक दिवसीय ओरिएंटेशन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में काशी विद्यापीठ ब्लॉक के करसड़ा, बच्छाव, बेटाबर, ख़नाव, टिकरी एवं मुड़ादेव बच्छाव गांवों की दर्जनों किशोरियों ने भाग लिया।
मुख्य प्रशिक्षक एवं पूर्व राज्य समन्वयक यूनिसेफ, राजस्थान प्रभा कुमारी ने कहा कि सशक्त किशोरी से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने किशोरियों से शिक्षा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान किशोरियों को नेतृत्व विकास, स्वयं निर्णय लेने की क्षमता, कौशल विकास, किशोरियों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी, मासिक धर्म प्रबंधन एवं स्वास्थ्य, महिला एवं किशोरी अधिकार, कानूनी प्रावधान तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक रहकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
सृजन सेवा ट्रस्ट की ओर से बिंदु कुमारी, नेहा, प्रियंका एवं राजेश ने विभिन्न सत्रों का संचालन किया। कार्यक्रम में अंजली, सिमरन, चंचल, गायत्री, सुषमा सहित दर्जनों किशोरियों ने सक्रिय सहभागिता की। अंत में प्रतिभागियों ने अपने-अपने गांवों में अन्य किशोरियों को भी जागरूक करने का संlकल्प लिया।





