
चिरईगांव (वाराणसी): विकास खण्ड के ग्रामपंचायत जाल्हूपुर स्थित कच्चा बाबा मंदिर परिसर में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रखर सिंह की अध्यक्षता में ग्राम्य विकास चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में लापरवाही और अनुपस्थिति पर सीडीओ का कड़ा रुख देखने को मिला।

कार्यक्रम से पंचायत सचिव के गायब रहने पर सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) छोटेलाल तिवारी से गहरी नाराजगी जताई। वहीं, फार्मर रजिस्ट्री के बाबत पूछने पर क्षेत्रीय लेखपाल सत्यवीर वर्मा द्वारा नामांतरण और मिसमैच का संतोषजनक जवाब न देने पर सीडीओ ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई। चौपाल में कानूनगो और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) भी अनुपस्थित रहे।
सीडीओ ने ग्रामीणों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल में बिट्ठल सिंह ने सीवर की गंभीर समस्या उठाई, जिस पर सीडीओ ने जेई आरईडी को तुरंत एस्टीमेट बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि मनरेगा (जीबीरामजी) योजना के तहत धन की कोई कमी नहीं है, यह कार्य तत्काल कराया जाएगा। इसके अलावा हरिनाथ यादव ने चकरोड पर मिट्टी नहीं डाले जाने, परमीला देवी ने आवास, गोपी अहीर ने राशनकार्ड तथा कमलेश गौतम व गंगा देवी ने पीएम किसान सम्मान निधि की मांग की।
वहीं, ग्राम पंचायत सदस्य सूबेदार यादव ने बिना बैठक के ही विकास कार्ययोजना बनाने की शिकायत की, जिस पर सीडीओ ने कहा कि यह बात पहली बैठक में ही उठानी चाहिए थी, अब इसका कोई फायदा नहीं है। ब्लॉक प्रमुख अभिषेक सिंह ने कच्चा बाबा इंटर कॉलेज में वर्षों से महिला शौचालय न होने का मुद्दा उठाया, जिसे सीडीओ ने गंभीरता से लेते हुए जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया।
चौपाल में विद्युत, खाद्य आपूर्ति, कृषि, समाज कल्याण, आयुष्मान कार्ड, बाल विकास और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन आदि विभागों के अधिकारियों ने स्टॉल लगाकर अपनी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर डीडीओ विजय जायसवाल, पीडी संजय कुमार पाठक, उपायुक्त स्वतः रोजगार पवन सिंह, डीपीआरओ आदर्श, और एडीओ st हवलदार यादव, सचिव शैलेन्द्र सोनकर आशुतोष कुमार दुर्गेश अलका वीना सोनकर ग्राम प्रधान सोनू गोड़ सहित कई ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।






